Ticker

6/recent/ticker-posts

एश्वर्य प्रताप सिंह ने इतिहास रचते हुए आज फायनल मुकाबले में दो रजत पदक अर्जित किए

 एश्वर्य प्रताप सिंह ने इतिहास रचते हुए आज फायनल मुकाबले में दो रजत पदक अर्जित किए

अकादमी के पैरा शूटर रमन शेखर दुबे ने भी अर्जित किया रजत पदक

भोपाल: 

भोपाल के गोरेगांव स्थित मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी में 7 दिसम्बर, 2019 से 4 जनवरी, 2020 तक खेली जा रही 63वीं राष्ट्रीय शूटिंग चैम्पियनशिप काॅम्पिटिशन के अंतर्गत आज 10 मीटर ऐयर रायफल के यूथ, जूनियर तथा सीनियर वर्ग के व्यक्तिगत एवं टीम फायनल मुकाबले खेले गए। भारत को ओलम्पिक कोटा दिलाने वाले म.प्र. राज्य शूटिंग अकादमी के शूटर एश्वर्य प्रताप सिंह ने इतिहास रचते हुए दो रजत पदक अर्जित किए। यहां यह उल्लेखनीय है कि एश्वर्य प्रताप सिंह अभी यूथ वर्ग के खिलाड़ी है और उन्होंने इतिहास रचते हुए सीनियर वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। सीनियर ऐयर रायफल प्रतियोगिता में कुल 615 खिलाड़ियों ने भाग लिया। एश्वर्य प्रताप सिंह ने 249.3 अंक अर्जित कर रजत पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक पंजाब के शूटर दिव्यांश सिंह पनवार ने 250.4 अंकों के अर्जित किया। स्पर्धा का कांस्य पदक राजस्थान के शूटर यश वर्धन ने 226.8 अंकों के साथ अर्जित किया।
10 मीटर यूथ मेन स्पर्धा में  एश्वर्य प्रताप सिंह ने 251.0 अंकों के साथ दूसरा रजत पदक अर्जित किया। यहां यह उल्लेखनीय है कि 10 मीटर यूथ पुरूष स्पर्धा में 840 प्रतिभागियों ने प्रतिभागिता की। प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक पंजाब के खिलाड़ी दिव्यांश सिंह पनवार ने 252.2 अंकों के साथ अर्जित किया। दिल्ली के खिलाड़ी पार्थ माखिजा ने 229.2 अंकों के साथ कांस्य पदक अर्जित किया।
अकादमी के खिलाड़ी रमन शेखर दुबे ने 10 मीटर ऐयर रायफल प्रोन जूनियर मेन की पैरा केटेगरी में रजत पदक अर्जित किया।
पदक विजेता खिलाड़ियों को एडीजी सीआईडी श्री राजीव टंडन, प्रोफेसर सनी थामस द्रोणाचार्य अवार्डी एवं राष्ट्रीय प्रशिक्षक तथा संचालक खेल और युवा कल्याण डाॅ. एस.एल. थाउसेन ने पुरस्कृत किया। एडीजी सीआईडी श्री राजीव टंडन ने मुक्तकंठ से खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा खिलाड़ियों को उपलब्ध करायी गई शूटिंग रैंज की सराहना की तथा उपलब्ध खेल सुविधाओं को विश्वस्तरीय बताया। उन्होंने विभाग को बड़े आयोजन की बधाई दी। यहां उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा 7 हजार 472 खिलाड़ी प्रतिभागिता कर रहे है।


Post a Comment

0 Comments