Ticker

6/recent/ticker-posts

20 ग्रामों में लिखा संदेश, बालिका सुरक्षा के लिए कराटे जरूर सिखाएं

 20 ग्रामों में लिखा संदेश, बालिका सुरक्षा के लिए कराटे जरूर सिखाएं

लिखा- बालिका सुरक्षा के लिए कराटे जरूर सिखाएं

भोपाल। बालिका सुरक्षा के लिए कराटे के खिलाडिय़ों ने अनूठा तरीका निकाला है। इसके लिए उन्होंने करीब 20 से अधिक गांव में बालिकाओं और महिलाओं को कराटे सिखाने का संदेश दीवारों पर उकेरा है। यही नहीं संदेश देने के लिए गांव की दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग भी बनाई है, जो स्वयं बालिका खिलाडिय़ों द्वारा बनाई जा रही है। इन पेंटिंग में सेल्फ डिफेंस (आत्मसुरक्षा) प्रशिक्षण, बालिकाओं और महिलाओं को कराटे सिखाने के लिए पे्ररित करने वाले संदेश लिखे जा रहे हैं। 

उल्लेखनीय हो कि टिमरनी, हरदा की सामाजिक संस्था तिनका के बैनर तले खिलाडिय़ों को कराटे का प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। इसके लिए संस्था ग्राम स्तर पर कराटे के प्रशिक्षण कार्यक्रम चला रही है। यहीं नहीं इन प्रशिक्षण सेंटर्स में खिलाडिय़ों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सेल्फ डिफेंस की विधा से पारंगत तो किया ही जा रहा है, उन्हें अपने ग्राम और आस-पास के क्षेत्रों में बालिकाओं और महिलाओं को भी प्रेरित करने की ट्रेनिंग भी दी जा रही है। 



अशिक्षा ही बालिकाओं की सबसे बड़ी समस्या 

संस्था की सचिव मना मंडलेकर ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं को ग्राम स्तर पर बालक की अपेक्षा कमतर समझा जाता है। उन्हें पढ़ाई खेलों में प्रवेश की अनुमति नहीं होती। यही इसी अशिक्षा के चलते वे अपने पूरे जीवन में समस्याओं से जूझती रहती हैं। वे खुलकर समाज में अपनी परेशानी को बयां नहीं कर पाती हैं। उन्हें जीवन भर चूल्हा-चौका और घरेलू कार्यों में फंसे रहने के लिए मजबूर किया जाता है। इससे वे जीवनभर कुचक्र में फंसी रहती हैं। 



पेंटिंग से समझेंगी अपना दर्द, दूसरों को देंगी प्रेरणा

संस्था का मानना है कि दीवार पर बनीं पेंटिंग से ग्राम की महिलाएं प्रेरणा ले सकेंगी। केवल स्लोगन से अधिकतर ग्रामवासी अनभिज्ञ रहते हैं, क्योंकि वे स्वयं अशिक्षित रहते हैं, लेकिन चित्रों के माध्यम से वे इसे आसानी से समझ सकेंगी। वे अपनी बेटियों को दोबारा इस कुचक्र में फंसने नहीं देंगी और उन्हें पढ़ाई-लिखाई के लिए स्कूल भेजेंगी। 

दीवार पर उकेरा कोरोना से बचने का संदेश 

दीवारों पर बने चित्रों में कई स्थानों पर कोराना से बचने का महत्वपूर्ण संदेश भी दिया जा रहा है। पेंटिंग में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए दो गज दूरी का रखो ध्यान, यही है कोरोना का समाधान का संदेश भी दिया गया है। 

Post a Comment

0 Comments